जमशेदपुर/नई दिल्ली: नारी सम्मान और सामाजिक न्याय की लड़ाई का मजबूत चेहरा बन चुकीं पद्मश्री छूटनी महतो एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं के साथ सामने आईं। मुसाबनी के वरिष्ठ पत्रकार भैरव महाराज की धर्मपत्नी गायत्री देवी, जो इन दिनों दिल्ली के राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल में इलाजरत हैं, उनका हालचाल जानने के लिए पद्मश्री छूटनी महतो दिल्ली पहुंचीं।

अस्पताल पहुंचकर उन्होंने गायत्री देवी से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने परिवार को हौसला भी दिया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर पद्मश्री छूटनी महतो ने राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल के मेडिकल सुप्रिटेंडेंट विवेक दीवान से भी मुलाकात की। उन्होंने इलाज की स्थिति, उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं और मरीजों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।

वार्ता के दौरान समाजसेवी एवं उद्यमी वर्ग से दिनेश जैन, इंद्रजीत सेहरावत, संतोष कुमार सरस और मुरली प्रसाद सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।

पद्मश्री छूटनी महतो ने अस्पताल के ब्लड बैंक का भी दौरा किया और वहां 24 घंटा सेवा देने वाले रक्तदाताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और जरूरत की घड़ी में रक्तदाता किसी भी परिवार के लिए सबसे बड़े सहायक बनते हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान के लिए आगे आएं, ताकि किसी भी मरीज को खून की कमी के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े।

पद्मश्री छूटनी महतो का यह दौरा केवल एक औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि संवेदनशील समाज और मानवीय सरोकारों का एक मजबूत संदेश भी माना जा रहा है।